1 घंटे पहलेलेखक: शैली आचार्य
- कॉपी लिंक

नवरात्रि का पावन पर्व शुरु हो गया है। यह त्योहार नौ दिनों तक मनाया जाता है और बहुत से लोग मां दुर्गा से सुख-समृद्धि पाने के लिए 9 दिनों का व्रत भी रखते हैं। इस दौरान मां दुर्गा की पूजा और व्रत का बहुत महत्व है। शारदीय नवरात्रि 3 अक्टूबर, 2024 से शुरु हो चुकी है और इसका समापन 11 अक्टूबर यानी महानवमी के दिन होगा। इस दौरान नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है।
इन नौ दिनों में बहुत से लोग देवी मां की प्रसन्नता के लिए व्रत रखते हैं। हालांकि नौ दिनों तक व्रत रखना कोई आसान बात नहीं है। व्रत करना वास्तव में एक बड़ी चुनौती है क्योंकि इस दौरान व्यक्ति को संयमित जीवन जीना पड़ता है। खाने में परहेज से लेकर पूजा-पाठ करने तक व्यक्ति को खुद पर नियंत्रण रखना होता है, लेकिन अगर आपका पार्टनर सपोर्टिव है तो ये थोड़ा आसान हो जाता है।
तो आज रिलेशनशिप कॉलम में हम बात करेंगे नवरात्रि में अगर आपका पार्टनर व्रत कर रहा है तो उसे कैसे सपोर्ट करें। साथ ही जानेंगे कि अगर कोई कपल साथ में नौ दिनों तक व्रत कर रहा है तो वे एक-दूसरे को कैसे फिजिकल और इमोशनल सपोर्ट दे सकते हैं।
नौ दिनों का व्रत रखना आसान नहीं
व्रत-त्योहार के मौसम में घर में वैसे भी कामों का बोझ बढ़ जाता है। यह वह समय है, जब शरीर को भी ज्यादा एनर्जी की जरूरत होती है। यह एनर्जी हमें खाने-पीने से ही मिलती है। ऐसे में 9 दिनों का लंबा व्रत रखना कई बार चैलेंजिंग भी हो सकता है।
जब हम फास्टिंग कर रहे हों, वो भी सिर्फ एक दिन के लिए नहीं बल्कि पूरे 9 दिनों के लिए तो शरीर के लिए यह थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। शरीर में थकान, लो एनर्जी, सिरदर्द, चिड़चिड़ापन या सुस्ती हो सकती है। ऐसे में पूरे 9 दिन व्रत रखते हुए अपना और अपने पार्टनर का खास ख्याल रखना बहुत जरूरी है। नीचे हम इस बारे में विस्तार से बात करने जा रहे हैं।
उपवास में पार्टनर का रखें खास ख्याल
नवरात्रि में अगर आपका पार्टनर नौ दिनों का उपवास रख रहा है तो आपको उसका ख्याल रखना चाहिए। आप अपने पार्टनर को फिजिकल और इमोशनल दोनों सपोर्ट दे सकते हैं। जैसेकि आप पार्टनर की डाइट का ध्यान रखें। कोशिश करें कि आप दोनों के बीच कोई भी लड़ाई-झगड़ा या बहस न हो। उपवास के दौरान उनकी कमजोरियों को समझें, गलतियों को इग्नोर करें, उन्हें बेहतर महसूस कराएं और घर के भीतर हमेशा एक सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखें।
उनकी सेहत का ध्यान रखें और जरूरत होने पर डॉक्टर से सलाह भी ले सकते हैं। और किस तरह से आप अपने पार्टनर को सपोर्ट कर सकते हैं, नीचे ग्राफिक में देखें-

पार्टनर को कहें शुक्रिया, बढ़ेगी रिश्ते की गहराई
नवरात्रि व्रत में अगर आपका पार्टनर आपका सहयोग कर रहा है तो उन्हें शुक्रिया जरूर कहें। अमेरिका की प्रसिद्ध मनोचिकित्सक एमिली एच. सैंडर्स के मुताबिक प्यार को जताना बहुत जरूरी है। खासतौर पर ऐसे दिनों में, जब घर के काम और जिम्मेदारियां बढ़ी हुई हों।
जब आप अपने प्यार को पार्टनर के सामने जाहिर करेंगे, प्यार दिखाएंगे तो पार्टनर उसे निखारकर, दुगुना करके वापस करेगा, ज्यादा प्यार दिखाएगा। इस तरह रिलेशनशिप बॉन्डिंग मजबूत होगी। एमिली प्यार दिखाने और प्यार में शुक्रिया कहने को हेल्दी रिलेशनशिप की बुनियाद बताती हैं।
पार्टनर की छोटी-छोटी जरूरतों का रखें ध्यान
नौ दिनों तक उपवास करना मुश्किल हो सकता है, इसलिए पति-पत्नी के लिए एक-दूसरे का सहयोग करना बहुत जरूरी है। ऐसे में पार्टनर एक-दूसरे की छोटी-छोटी जरूरतों का ध्यान रखें। घर के कामों को आपस में बांट लें ताकि किसी एक पर काम का बोझ न पड़े। आपस में तनाव देने वाली कोई भी बातें न करें। घर के माहौल को सकारात्मक बनाए रखें।

अगर आप नवरात्रि के दौरान फास्टिंग कर रहे हैं तो इन बातों का विशेष ध्यान रखें-
- व्रत की पहले से तैयारी कर लें जैसे सात्विक भोजन बनाने के लिए जो भी सामान या फल या सब्जियों की जरूरत है, उसे खरीद लें।
- व्रत 9 दिनों के लिए है तो याद रहे कि सात्विक और हल्का आहार ही लें।
- शरीर में पानी की मात्रा कम न होने दें। इसके लिए पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें।
- अपने शरीर को आराम जरूर दें, ज्यादा काम न करें और मानसिक शांति का भी ध्यान रखें।
- मानसिक शांति बनाए रखने और तनाव को कम करने के लिए ध्यान व योग का भी सहारा ले सकते हैं।




