Have a great article or blog to share?

Ratan Tata: Famous Personalities 2024 Success Secret | Cristiano Ronaldo | 2024 में चर्चा में रहीं कौन सी शख्सियतें: डी. गुकेश से लेकर रोनाल्डो तक, 10 सफल लोगों ने सिखाए जीवन के 10 कीमती सबक

8 मिनट पहलेलेखक: शिवाकान्त शुक्ल

  • कॉपी लिंक

कुछ ही दिनों में 2025 की शुरुआत होने वाली है। इस साल कई शख्सियतें चर्चा में रहीं, जिन्होंने अपने क्षेत्र में कामयाबी का परचम लहराया। इन मशहूर हस्तियों में इलॉन मस्क और प्रियंका गांधी से लेकर फिल्मकार पायल कपाड़िया और फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो तक शामिल हैं।

तो आज हम साल 2024 में चर्चा में रही इन शख्सियतों के बारे में बात करेंगे और जानेंगे इनके जीवन की उन खासियतों के बारे में, जिसे हम भी अपने जीवन में उतार सकते हैं।

प्रियंका गांधी

क्यों चर्चा में रहीं

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी राजनीति जगत का जाना-माना चेहरा हैं। उन्होंने नवंबर, 2024 में केरल के वायनाड लोकसभा उपचुनाव में 4.10 लाख से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की। उन्होंने अपने भाई और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के जीत के अंतर को भी पीछे छोड़ दिया। हाल ही में वह संसद में फिलिस्तीन के समर्थन वाला एक बैग लेकर पहुंचीं, जिस पर लिखा था, ‘फिलिस्तीन आजाद होगा।’

इनसे क्या सीखें

प्रियंका गांधी से हम दो चीजें सीख सकते हैं। साहस व पूरी बेबाकी और स्पष्टता से अपनी बात कहने की कला। देश की संसद में फिलिस्तीन का समर्थन करने का साहस दुनिया के और किसी लीडर ने नहीं दिखाया। ये वो गुण हैं, जो एक आम इंसान के लिए भी बहुत जरूरी और कीमती हैं।

डोनाल्ड ट्रंप

क्यों चर्चा में रहे

डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति थे। नंवबर, 2024 में उन्होंने फिर से राष्ट्रपति का चुनाव लड़ा और शानदार जीत हासिल की। चुनाव के पहले जुलाई में ट्रंप पर जानलेवा हमला भी हुआ, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। हमले के बाद भी उन्होंने बिना डरे चुनाव प्रचार किया और दिखा दिया कि वह ऐसे कायराना हमलों से डरकर हार मानने वाले नहीं हैं।

इनसे क्या सीखें

डोनाल्ड ट्रंप से हम विपरीत परिस्थितियों का डटकर सामना करना सीख सकते हैं। उनसे हमें ये सीख भी मिलती है कि कभी भी खुद को कमतर न आंकें। लड़ते रहें, अंत में जीत जरूर मिलेगी।

इलॉन मस्क

क्यों चर्चा में रहे

दुनिया के सबसे अमीर उद्योगपतियों में से एक इलॉन मस्क की कंपनी स्‍पेस एक्‍स जहां स्‍पेस साइंस की दुन‍िया में एक के बाद एक उपलब्धि हासिल कर रही है। वहीं उनकी दूसरी कंपनी टेस्ला भी नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। कुछ समय पहले टेस्ला ने ऑप्टिमस नाम का एक ह्यूमनॉइड रोबोट लॉन्च किया, जो घर के सारे काम कर सकता है।

इनसे क्या सीखें

इलॉन मस्क के जीवन का सबसे बड़ा सबक तो यही है कि सपने हमेशा बड़े देखो और उन्हें हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करो, जान लगा दो। सफलता तुम्हारे कदम चूमेगी।

रतन टाटा

क्यों चर्चा में रहे

भारत के जाने-माने बिजनेसमैन रतन टाटा ने 9 अक्तूबर, 2024 को 86 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा। उन्होंने अपनी सादगी, ईमानदारी और मेहनत से भारतीयों के दिलों में एक खास जगह बनाई है। गूगल की साल 2024 की टॉप सर्च रिजल्ट रिपोर्ट के मुताबिक, रतन टाटा का नाम गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले टॉप-10 कीवर्ड्स में एक है।

इनसे क्या सीखें

रतन टाटा से हमें एक सबक जरूर सीखना चाहिए कि अपार सफलता के बाद भी जमीन से कैसे जुड़े रहना है। दिखावे और शोर-शराबे से दूर एक सरल, सादगीपूर्ण जीवन ही अंत में आपकी मनुष्यता को परिभाषित करता है।

डी. गुकेश

क्यों चर्चा में रहे

चेन्नई के रहने वाले 18 वर्षीय डी. (डोम्माराजू) गुकेश चेस ग्रैंडमास्टर हैं। इसी महीने उन्होंने सिंगापुर में वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया। वह 7 साल की उम्र से चेस खेल रहे हैं।

इनसे क्या सीखें

शतरंज सिर्फ दिमाग नहीं, बल्कि एकाग्रता और संयम का खेल है। डी. गुकेश से हमें सीखना चाहिए– एकाग्रता, संयम और अनुशासन। आप भले शतरंज खेलें या न खेलें, लेकिन अगर ये गुण हैं तो वो जीवन के हर क्षेत्र में काम आएंगे।

रोहित शर्मा

क्यों चर्चा में रहे

साल 2023 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया को वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि रोहित ने बाउंस बैक करते हुए 2024 में टी20 वर्ल्ड कप में अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई।

इनसे क्या सीखें

सबक यही है कि असफलता से हार मानने के बजाय उससे सबक लेकर बाउंस बैक करना चाहिए। असफलता अंत नहीं, बल्कि भविष्य की सफलताओं की बुनियाद हो सकती है।

विनेश फोगाट

क्यों चर्चा में रहीं

भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट इस साल पेर‍िस ओलिंप‍िक के फाइनल तक पहुंच गई थीं। लेकिन फिर 50 किलो से थोड़ा ज्यादा वजन होने के कारण अयोग्य करार कर दी गईं। पदक तो नहीं मिला, लेकिन पूरे देश और दुनिया में प्यार और सम्मान बहुत मिला। बाद में कांग्रेस के टिकट पर उन्होंने हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत गईं।

इनसे क्या सीखें

विनेश फोगाट से हमें जीवन का सबसे कीमती सबक सीखना चाहिए। हमारा महत्व हमेशा जीत और हार से तय नहीं होता। मेहनत और कोशिश सबसे बड़ी चीज है। मंजिल से ज्यादा बड़ी है यात्रा। हमारा मनुष्य होना सांसारिक सफलताओं के टैग से कहीं ऊपर है।

क्रिस्टियानो रोनाल्डो

क्यों चर्चा में रहे

मशहूर फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा फॉलोअर हैं। इंस्टाग्राम पर 65 करोड़ लोग उन्हें फॉलो करते हैं। इस साल अगस्त में रोनाल्डो ने एक यूट्यूब चैनल बनाया और कुछ ही घंटे में 3 करोड़ सब्सक्राइबर्स जुड़ गए। ये वर्ल्ड रिकॉर्ड है।

इनसे क्या सीखें

रोनाल्डो की सफलाओं की फेहरिस्त बहुत लंबी है। लेकिन उनसे जो बात सीखने वाली है, वो है उनका धैर्य, इंसानियत और फिटनेस को लेकर उनका पागलपन। रोनाल्डो के दीवाने भी ये जानते हैं कि उनकी जैसी ख्याति के बाद उनके जैसा ग्राउंडेड इंसान बिरले ही होंगे।

सुनीता विलियम्स

क्यों चर्चा में रहीं

भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स 5 जून 2024 को बोइंग स्टारलाइनर नाम के स्पेसक्राफ्ट से NASA के मिशन पर गई थीं। उन्हें वहां 8 दिन रुकने के बाद वापस पृथ्वी पर आना था, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते वह अभी भी वहां फंसी हुई हैं। उनके अगले साल फरवरी में धरती पर वापस आने की संभावना है।

इनसे क्या सीखें

सुनीता विलियम्स ने इस साल इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) से दुनिया को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। एक वीडियो मैसेज में कहा कि उन्हें पृथ्वी से 260 मील दूर दिवाली मनाने का अवसर मिला है। उनसे हमें कठिन परिस्थितियों में भी पॉजिटिव रहने की सीख मिलती है।

पायल कपाड़िया

क्यों चर्चा में रहीं

फिल्मकार पायल कपाड़िया ने इस साल 77वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में इतिहास रच दिया। उनकी फिल्म ‘ऑल वी इमैजिन एज लाइट’ ने कान्स का दूसरा सबसे बड़ा पुरस्कार Grand Prix- Jury Prize जीता। यह अवॉर्ड जीतने वाली वह पहली भारतीय हैं।

इनसे क्या सीखें

पायल कपाड़िया के जीवन से यह सीख मिलती है कि काम वो करो, जिससे प्यार है। सफलता उसका बाइप्रोडक्ट है, जो पीछे-पीछे आता है। और सफलता को सिर पर भी मत चढ़ने दो। वैसे ही रहो, जैसे तब थे, जब दुनिया तुम्हें नहीं जानती थी।

खबरें और भी हैं…

Source link

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published.